सोमवार, 13 अगस्त 2007

इस क़ैद से आज़ादी चाहिए

सन्त समीर
यह समय की पुकार है कि मुसलमान महिलाएं पर्दे से बाहर निकलें। पर्दे का मुद्दा कुछ ऐसा बन गया है कि अक्सर विवादों के केन्द्र में आ ही जाता है, पर दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि आधी आबादी की नियति से जुड़े इस मसले पर कभी स्पष्ट निष्कर्ष नहीं निकल पाता। मैं इस पर सकारात्मक या नकारात्मक कुछ कहूँ तो शायद मुसलमान भाई कह सकते हैं कि आप कृपा करके कुछ नहीं कहें तो बेहतर है, यह हमारे घर का मामला है हमीं समझ लेंगे। उनकी बात जायज़ हो सकती थी लेकिन तब जबकि सचमुच यह मामला सिर्फ़ उनके ही घर तक सीमित होता। इस मामले का असर घर के बाहर भी पड़ता है तो बाहर वाले भी सकारात्मक या नकारात्मक प्रतिक्रिया जताएंगे ही। अजान की आवाज़ पड़ोसी हिन्दुओं के कानों में पहुँचती है तो उन्हें उस पर टिप्पणी करने का हक है। इसी तरह मंदिर के घंटे-घड़ियाल और भजन की ध्वनि मुसलमानों के कानों तक पहुँचे तो उन्हें भी प्रतिक्रिया व्यक्त करने का अधिकार है। अपने घरों में हम हिन्दू बनकर रहें या मुसलमान, लेकिन घर से बाहर सिर्फ़ आदमी बनकर निकलें, तो ही निजी विश्वासों पर की गई टिप्पणी को अनधिकार चेष्टा कह सकते हैं। किसी धर्म के अनुष्ठान और जलसे-समारोह यदि दूसरे धर्म के लोगों को भी प्रभावित करते हैं तो दूसरे धर्म के लोगों की अच्छी-बुरी प्रतिक्रियाओं को भी सुनने सहने को तैयार रहना चाहिए।
तो, इस परदा-प्रकरण पर मैं अगर कुछ कहना चाहता हूँ तो इसलिए नहीं कि मुझे किसी कौम विशेष से कोई लेना देना है। मेरा हस्तक्षेप सिर्फ़ इस वजह से है कि मैं एक मनुष्य हूँ और मानता हूँ कि धर्मों के आवरण्ा अच्छे हों या बुरे, प्रकृति की निर्मिति या मनुष्य की मूलभूत विशेषताएं नहीं हैं। ये आवरण हम देशकाल के हिसाब से ख़ुद बनाते हैं इसलिए समय के साथ इनके औचित्य-अनौचित्य की जाँच-परख भी हमें करनी ही चाहिए; अन्यथा, ये ही रूढ़ रूप धारण करने के बाद किसी समाज की तमाम अच्छाइयों को भी दबाने-ढँकने का काम करने लगते हैं।
परदे की स्थिति भी कुछ ऐसी ही है। मुसलमानों में यह आदमकद बुर्क़े के रूप में मज़हबी पहचान है तो हिन्दुओं में भी कई इलाक़ों में घँघट के रूप में प्रचलित है। कहते हैं कि मुहम्मद साहब ने महिलाओं की आबरू बचाने के उद्देश्य से उन्हें परदे में रहने की नसीहत दी। उस समय की स्थिति शायद ऐसी थी कि परदे ने महिलाओं को पुरुषों की बुरी नज़र से कुछ हद तक बचाया हो। हालाँकि उस स्थिति में भी मैं इसे अनुचित ही मानता हँ, क्योंकि इससे मुस्लिम समाज में भी स्त्रियों के शोषण में कोई कमी तो आई नहीं, उल्टे वे अपनी हिफ़ाज़त के लिए मुखर रूप में सामने आने के बजाय कहीं गहरे मौन में चली गईं। स्त्री की सहमति-असहमति का तो कालान्तर में कोई अर्थ ही नहीं रह गया। स्त्रियों को क्या करना और क्या नहीं करना है, इसका निर्णय आज भी इतना खुलापन आने के बावजूद मुल्ले-मौलवी या मर्द ही करते हैं। वैसे स्त्रियों को पैरों की जूती बनाकर रखने की महागाथाएं अन्य समूहाें-सम्प्रदायों में भी ख़ूब हैं, पर इस्लाम में स्त्री को जिस तरह संगठित फ़तवों का शिकार होना पड़ता है, वैसा अन्यत्र कहीं नहीं है। अगर कोई इमराना कुछ प्रतिरोध कर पाती है तो वह साम्प्रदायिक सोच की सहूलियत नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक खुलेपन के बढ़ते प्रभाव का परिणाम है।
मैं अपने मुसलमान मित्रों से कभी इस तरह के मुद्दों पर बातें करता हूँ तो अक्सर कुछ ऐसा तर्क सुनने को मिलता है कि परदा औरतों को मर्दों के दर्ुव्यवहार और बलात्कार जैसी घटनाओं से बचाता है। वैसे यह तर्क एकदम से बेदम भी नहीं है। आख़िर छेड़खानी और बलात्कार करने वाले भी ख़ूबसूरत जवान स्त्री को ही निशाना बनाना चाहते हैं; तो अगर, स्त्री का शरीर परदे में ढँका हो तो किसी मर्द की ऑंखों में वह चुभे, यह नौबत ही फिर कहाँ आएगी? लेकिन सवाल यह है कि नख से शिख तक परदे में रहने की नसीहत स्त्रियों के लिए ही क्यों? मर्द छुट्टा साँड़ की तरह क्यों आज़ाद रहे? लफंगई करे मर्द और जेलख़ाना औरत को, यह कहाँ का न्याय है? कई बार ऐसा भी हो सकता है कि परदे की वजह से किसी मनचले की जिज्ञासा और बढ़ जाए। यहाँ मैं वह कहानी नहीं सुनाना चाहता जिसमें कि परदे की वजह से एक मनचला ख़ूबसूरत और जवान समझकर एक बदसूरत बुढ़िया का पीछा करने लगता है। 'परदा है परदा' तो एक घटिया फ़िल्मी गाना है, पर परदे से जन्मी जिज्ञासा के चलते शायरों ने कितनी इश्क़िया शायरी लिख मारी है, इसका तो अन्दाज़ा लगा पाना भी टेढ़ा काम है। ज्यादा उचित होता कि महिलाओं को परदे में रखने के बजाय उन्हें बहादुरी सिखाई जाती। भले ही उन्हें सिखाना पड़ता कि--जो मर्द तुम्हारे साथ बुरी हरकत करने की कोशिश करे उसके सीने में छुरी भोंक दो। यूँ यह तो बात की बात है, पर हिफ़ाज़त के तमाम बहादुरी भरे तरीक़े हो सकते थे। परदा तो स्त्रियों को कायर बनाने की मर्दों की एक आयोजना का ही रूप हो सकता है और कुछ नहीं। स्त्रियों को ज़रूरत स्वस्थ शिक्षा की थी, क्योंकि भावी पीढ़ियों की निर्माता वे ही हैं। उन्हें ऐसे संस्कार देने की ज़रूरत थी कि वे आत्मविश्वास से लबालब भरी होतीं तो सुरक्षा के लिए परदे की ज़रूरत ही न पड़ती।
कहा यह भी जाता है कि परदा दूसरी तमाम चीज़ों के साथ-साथ इंसान के व्यवहार और आचरण का भी पता देता है। ठीक से देखें तो यह बहुत वाहियात तर्क है। इस तर्क में कुछ दम हो सकता था, लेकिन तब जबकि परदा करने या न करने की पूरी आज़ादी होती और परदा सदाचरण और सुशीलता का प्रतीक होता, जैसे कि आज़ादी के दिनों में खादी का वस्त्र देशभक्ति और स्वाभिमान का प्रतीक हुआ करता था। हर तरह के कपड़े पहने-ओढ़ने की पूरी आज़ादी में यदि एक स्त्री अपने विवेक से तय करके स्वेच्छापूर्वक परदा धारण करती तो उसके चरित्र और व्यवहार को लेकर किसी ख़ास रुझान का संकेत मिल सकता था, लेकिन जब पूरे स्त्री समुदाय पर परदा एक साम्प्रदायिक आदेश की तरह हो तो यह कहना एकदम बेमानी है कि परदे के भीतर की स्त्री सच्चरित्र और सुशील होगी ही। क़ुरआन की सूरा अल अहज़ाब के इस उल्लेख कि-- ''ऐ नबी! अपनी पत्नियों, पुत्रियों और ईमानवाली स्त्रियों से कह दो कि वे (जब बाहर जाएं) तो ऊपरी वस्त्र से स्वयं को ढाँक लें। यह अत्यन्त आसान है कि वे इसी प्रकार जानी जाएँ और दर्ुव्यवहार से सुरक्षित रहें और अल्लाह तो बड़ा क्षमाकारी और बड़ा ही दयालु है।'' (क़ुरआन, 33 : 59)-- को तब के समाज के हिसाब से स्त्रियों की सुरक्षा की एक ईमानदार चिन्ता मान भी लें तो भी वर्तमान में इसका कुल प्रभाव स्त्रियों के मानसिक विकास को कुंद करने वाला ही साबित हुआ है, यह हम मुस्लिम महिलाओं की दशा देखकर समझ ही सकते हैं। कुर्तुलऐन हैदर, तस्लीमा नसरीन और सानिया मिर्ज़ा जैसी महिलाएं परदे के भीतर रहकर नहीं बना करतीं।
परदे के पक्ष में इस्लामी विद्वानों के तर्कों का मुख्य निष्कर्ष यही निकलता है कि इसका सबसे बड़ा उद्देश्य महिलाओं को बलात्कार और दर्ुव्यवहार से बचाना है। लेकिन सवाल यह है कि एक तरह के बलात्कार और दर्ुव्यवहार से किंचित रक्षा करते हुए क्या स्त्री पर दूसरे क़िस्म के बलात्कार और दर्ुव्यवहार नहीं थोप दिए जाते? महिलाओं की अपनी सोच-समझ और ख़ुद को विभिन्न आयामों में अभिव्यक्त करने की चाहत पर परदे की आड़ में जो कुठाराघात हो रहा है वह क्या किसी बलात्कार और दर्ुव्यवहार से कुछ कम है? मुसलमान महिलाओं के दिल से पूछिए कि क्या वे समझदार, शिक्षित नहीं बनना चाहतीं, क्या उनका मन किसी पंछी की तरह उन्मुक्त गगन में नहीं उड़ना चाहता? क्या उनकी तमन्ना इंजीनियर, डॉक्टर, वैज्ञानिक, वकील, साहित्यकार, कलाकार बनने की नहीं होती? क्या वे पुरुषों की तरह परदे के बाहर की दुनिया खुली ऑंखों से नहीं देखना चाहतीं?
हालाँकि यहाँ यह भी याद रखना चाहिए कि जो पश्चिम मुसलमान स्त्रियों के परदे पर सबसे ज्यादा आपत्ति जता रहा है, वह ऐसा नहीं है कि मुसलमानों के बहुत भले की सोचता हो। पश्चिम के देश अपनी सुविधा के हिसाब से चलते हैं। परदा हटाने के उनके तर्कों में ईमानदारी और बेईमानी दोनों शामिल हैं। ईमानदारी यह है कि उनका समाज काफ़ी हद तक खुला हुआ समाज है तो हज़ारों की भीड़ में इक्का-दुक्का परदानशीन स्त्रियाँ सचमुच कई रूपों में एक असुविधाजनक कौतूहल पैदा करती हैं। उनके तर्कों की बेईमानी यह है कि इस्लामी आतंकवाद के ख़िलाफ़ मुहिम चला रहे अमरीका, इंग्लैंड मुसलमानों को नीचा दिखाने का कोई अवसर चूकना नहीं चाहते। वैसे इन सबसे परे हटकर देखें तो पिछले दिनों इंग्लैंड की एक महिला शिक्षिका के परदे पर उठा सवाल उचित ही है कि यदि आप किसी मुद्दे पर एक विद्यार्थी समूह को सम्बोधित कर रहे हों, जहाँ भाँति-भाँति के उदाहरणों और हाव-भाव के प्रदर्शन से भी विषय स्पष्ट करने की ज़रूरत पड़ती हो, तो निश्चित रूप से परदा इस काम में बाधक है और अक्सर विद्यार्थियों का ध्यान विषय से भटकाता भी है।
बहरहाल, परदे का यह मज़हबी रूप मुसलमानों में हो, हिन्दुओं में हो या दूसरे सम्प्रदायों में, उचित क़तई नहीं कहा जा सकता। राम-कृष्ण को पूजने वाले हिन्दुओं को याद रखना चाहिए कि इन युगपुरुषों के समय में परदा-प्रथा का नामोनिशान नहीं था। सीता, सावित्री, रुक्मिणी, राधा परदे में रहने वाली स्त्रियाँ नहीं थीं। गार्गी, मैत्रेयी, विश्ववारा तक कहीं किसी तरह के घूँघट का वजूद नहीं था। और जब, परदा या इस जैसी ढेरों कुरीतियाँ नहीं थीं तो ही भारत सोने की चिड़िया और दुनिया को ज्ञान बाँटने वाला विश्वगुरु कहा जा रहा था।
परदे को कोई स्वस्थ सामाजिक व्यवस्था नहीं कहा जा सकता। यह एक अस्वस्थ व्यवस्था है और एक अस्वस्थ व्यवस्था दूसरी तमाम अस्वस्थ व्यवस्थाओं को जन्म देती है। ये सारी अस्वस्थ व्यवस्थाएं मिलकर समाज की सकारात्मक संभावनाओं को क्षीण करती हैं। इस संदर्भ में याद रखना चाहिए कि इस्लामी क़ानून पर चलने वाले देश अपना ख़ुद का विज्ञान बहुत आगे नहीं बढ़ा सके तो इसमें बीमार मज़हबी व्यवस्थाएं ही प्रमुख कारण हैं। इस्लामी देश यदि उच्च तकनीकी और विज्ञान में लगभग पूरी तरह उधार पर निर्भर हैं तो वास्तव में उन्हें अपनी मज़हबी व्यवस्थाओं का पुनर्विश्लेषण करने की ज़रूरत है। इस कटु सत्य से इन्कार नहीं किया जा सकता कि इस्लामी समाज में रूढ़ मौलवियों की भरमार तो दिखाई देगी, पर दुनिया की समकालीन समझ से युक्त समाज को वैचारिक ख़ुराक देने वाले बुध्दिजीवियों का टोटा मिलेगा। यहाँ यदि मुसलमान वैज्ञानिक और बुध्दिजीवी के रूप में डॉ. अब्दुल कलाम जैसे लोगों का उदाहरण देना चाहें तो याद रखना होगा कि कलाम के सिर्फ़ नाम में ही मुसलमान तत्तव तलाशा जा सकता है; अन्यथा, उन्होंने ख़ुद को मज़हबी सोच से बहुत ऊपर उठा लिया है। कलाम अगर मुसलमानों के किसी सोद्देश्यपूर्ण कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं तो वे सम्प्रदायविहीन समाज की कल्पना करने वाले और कुरान-पुराण दोनों की ही ख़िलाफ़त करने वाले आर्यसमाज के सुधार कार्यक्रमों को भी खुलकर समर्थन दे सकते हैं।
परदा स्त्री के मानसिक विकास को किस हद तक बाधित करता है, इसका अहसास सेठ जमनालाल बजाज की धर्मपत्नी जानकी देवी बजाज के निजी अनुभवों की निम्न पंक्तियों में किया जा सकता है--''अब मैं अनुभव करती हूँ कि मैं कैसी भ्रान्त धारणा में फँसी हुई थी। यह धारणा पुरुषों के लिए अपमानास्पद और स्त्रियों की आत्मा को दुर्बल बनाने वाली है। दुर्बलता में लज्जा, शील, मर्यादा और सच्चरित्रता का विकास नहीं हो सकता। परदा दुर्बलता को पैदा करता है। इसलिए उसमें स्त्रियों के सद्गुणों की रक्षा नहीं हो सकती। अपने अनुभव से मैंने यह अनमोल शिक्षा ग्रहण की है कि विनय या नम्रता और झूठी लज्जा ये दोनों एक नहीं हैं। नम्रता वीरांगनाओं और वीर पुरुषों का भूषण है। झूठी लज्जा उस भूषण को दूषण बना डालती है। सच्ची लज्जा, यथार्थ शर्म या स्वाभाविक शील और व्यवहार ऑंखों में रह सकता है, परदे में नहीं।........जब परदा करती थी, तो जीवन का कोई महत्तव मालूम नहीं होता था। अब जीवन का महत्तव मालूम होता है, गृहस्थ के काम-काज में विशेष रस अनुभव होता है और दुनिया के व्यवहार को समझने की इच्छा होती है।''
ख़ैर, ज़रूरत इसी बात की है कि मुस्लिम विद्वान सोच-समझकर काम लें और स्त्रियों को परदे की गुलामी से मुक्त करें। यही युग की माँग है। परदे के बाहर आकर महिलाओं को अपनी क़ाबिलियत दिखाने का मौक़ा मिले तो पूरे समाज में ही एक आश्चर्यजनक बदलाव दिखाई देगा। स्त्रियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखकर एक सुचिन्तित शिक्षा व्यवस्था की मुहिम के साथ परदा जैसी प्रथाएं हटायी जाएं तो इसका परिणाम सकारात्मक ही होगा। अन्यथा, जिस तरह के विज्ञान और तकनीकी के युग में हम जी रहे हैं; जिस तरह के खुलेपन की हवा हर तरफ़ बह रही है; उसमें परदा एक न एक दिन उठ कर ही रहेगा। जब-तब, जहाँ-तहाँ से महिलाओं के मुखर होने की घटनाएं इस बात का ही संकेत हैं। फ़तवों का असर समय के साथ समाप्त होता हुआ हम देख ही रहे हैं। हिम्मत के साथ मुखर होतीं मुसलमान स्त्रियाँ विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रभावी उपस्थिति भी दर्ज करा रही हैं। वैज्ञानिक उपलब्धियों के स्वीकार के साथ मौजूदा इस्लामी क़ानून लम्बे समय तक नहीं टिकने वाले। रास्ते दो ही हैं- या तो आप बाक़ी दुनिया से सम्पर्क काट कर अलग-थलग एक रूढ़ समाज बना लें; या वर्तमान इस्लामी क़ानूनों की समयानुकूल व्याख्याएं कर लें। संभावना यही है कि बृहत्तर मुस्लिम समुदाय दूसरे रास्ते का ही राही बनेगा और कट्टरपंथी लोग हाय-तौबा मचाने के अलावा और कुछ नहीं कर पाएंगे। हाँ, इस्लाम के झंडाबरदार वक्त क़ी नज़ाकत अभी भी नहीं समझ पाए तो प्रतिक्रियाओं और पश्चिम के प्रभाव में परदा उठने का एक ख़तरा यह ज़रूर रहेगा कि कहीं परदे से बाहर आती स्त्री उच्छृंखलता का शिकार न हो जाए?

कोई टिप्पणी नहीं: